July 25, 2026

ड्यूटी के दौरान गिरा ओबीएचएस स्टाफ, मौके पर मौत, GRP जांच में जुटी …

0

राजेंद्र सोनी

बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में दुखद हादसा हुआ है। अमृतसर से बिलासपुर आ रही ट्रेन के कोच में तैनात ओबीएचएस कर्मचारी हरि शुक्ला गेट पर खड़ा था, तभी अचानक नीचे गिर गया। उसकी चलती ट्रेन से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब ट्रेन घंटों लेट पहुंची थी। यह ट्रेन रायपुर और बिल्हा से रवाना होने के बाद कोचिंग डिपो के पास रूक गई थी, क्योंकि प्लेटफार्म पर पहले से ही मालगाड़ी खड़ी थी।
मृतक हरि शुक्ला लोरमी बाजार पारा का निवासी  करीब 40 साल का था। वह प्राइवेट कंपनी के ठेकेदारों के कर्मचारी के रूप में ड्यूटी कर रहा था, जो यात्रियों के अनुरोध और संदेश पर सफाई का काम करते हैं। घटना के समय उसके साथ सफाई कर्मचारी नरेंद्र श्रीवास भी मौजूद था, जिसने हादसे की जानकारी दी। बताया जाता है कि हरि शुक्ला गेट पर खड़ा था तभी अचानक नीचे गिर गया और चलती ट्रेन की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक जयसिंह मरकाम और मानिकपुरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे से रेलवे प्रशासन में शोक की लहर है, और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *