July 6, 2026

ऑटो चालकों पर यातायात पुलिस का विशेष अभियान…

0

बिलासपुर    यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में अनुशासन कायम करना है। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपने वाहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखने की अपील की है।

बिना दस्तावेज या नियमों के खिलाफ वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। पुलिस ने यह भी निर्देश दिए हैं कि ऑटो को कहीं भी बेतरतीब तरीके से खड़ा न किया जाए। नो पार्किंग और नो एंट्री जोन में वाहन खड़ा पाए जाने पर ऑटो को जब्त कर न्यायालय भेजा जा रहा है।

अभियान के तहत सभी ऑटो चालकों के लिए खाकी यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन पर नंबर प्लेट स्पष्ट और बड़े आकार में लिखवाएं। साथ ही, सभी चालकों को वाहन में जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।

यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक रहने की सलाह दी है।

महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने पर जोर दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग करने या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित वाहनों को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यह अभियान शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *