July 10, 2026

डीएसपी के बेटे ने की खुदकुशी, पिता विधानसभा ड्यूटी पर …

0


20 वर्षीय आयुष झारिया ने की खुदकुशी, घर में अकेले था युवक; जांच में जुटी पुलिस।

राजेंद्र सोनी

दुर्ग  में एक डीएसपी के बेटे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। पिता विधानसभा ड्यूटी पर तैनात थे, जबकि मां और बहन एक रिश्तेदार के यहां शादी कार्यक्रम में गए हुए थे। फिलहाल युवक की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय आयुष झारिया के रूप में की गई है। आयुष स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के बटालियन के पीछे बनी कॉलोनी में रहता था और रूंगटा कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। आयुष के पिता संतोष झारिया भिलाई की प्रथम वाहिनी बटालियन में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं।
बताया गया है कि आयुष के पिता संतोष झारिया रात में विधानसभा ड्यूटी से वापस लौटे तो बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से झाँक कर देखा। कमरे के भीतर आयुष का शव फंदे से लटक रहा था, जिसे देखकर संतोष झारिया चीखने लगे। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आयुष ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *