July 10, 2026

15 लाख ठगी का मास्टरमाइंड डायरेक्टर रीवा से गिरफ्तार …

0

कंपनी के डायरेक्टर पंकज वर्मा ने पैसा दोगुना करने के बहाने ग्रामीणों से ठगे थे 15 लाख।

राजेंद्र सोनी

बिलासपुर  पैसा दोगुना करने का लालच देकर ग्रामीणों से लाखों की ठगी करने वाले कंपनी के एक डायरेक्टर को सिटी कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पंकज कुमार वर्मा ने करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के अनुसार, फेकुराम चतुर्वेदी ने 18 मार्च 2025 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच ग्राम करवा क्षेत्र में “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ग्रामीणों को निवेश के लिए उकसाया। आरोपी ने गांव के लोगों को एजेंट बनाकर उनसे रकम जमा करवाई और करबला रोड स्थित कार्यालय में पैसे एकत्र किए। करीब 15 लाख रुपये जुटाने के बाद आरोपी कार्यालय बंद कर फरार हो गया, जिससे निवेशकों को आर्थिक नुकसान हुआ।

मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 159/2025 के तहत धारा 420, 34 भादवि में केस दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम ने रीवा जिले के ग्राम टिकिया, थाना चोरहटा में दबिश देकर 39 वर्षीय पंकज कुमार वर्मा को दबोच लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *