July 26, 2026

नहर में मिली युवक की लाश, हत्या या हादसा, पुलिस जांच में जुटी …

0

आरंग की कोसमखूंटा नहर में मिली पटेवा के उमेश पाल की लाश, हत्या की आशंका पर जांच

राजेंद्र सोनी
आरंग थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कोसमखूंटा नहर में एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के पटेवा गांव निवासी उमेश पाल (26) के रूप में हुई है। उमेश रविवार से लापता था। आरंग पुलिस उसकी मौत के कारणों की जांच में जुट गई है।

ग्रामीणों की सूचना पर आरंग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव काफी समय से पानी में होने के कारण फूल गया था। पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ में मौली धागा और पास में ही बाइक की चाबी मिली। आसपास के थानों से संपर्क करने पर गोबरा नवापारा से परिजन सामने आए और उन्होंने हुलिए के आधार पर उमेश की पहचान की।

पुलिस की शुरुआती जांच में पानी में डूबने से मौत की आशंका है, लेकिन कई पहलू संदिग्ध हैं। उमेश की लाश के पास बाइक की चाबी मिली, पर उसकी बाइक गायब है। आरंग थाना पुलिस हत्या और हादसे दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *