July 26, 2026

व्यवहार न्यायालय की दरकार: ग्रामीणों ने कलेक्टर से की मांग …

0

न्यायिक कार्यों हेतु बिलासपुर की 60 किमी दूरी से परेशानी, आर्थिक व शारीरिक बोझ से मुक्ति की आस। 

राजेंद्र सोनी

बिलासपुर.  जिले के पचपेड़ी तहसील क्षेत्र में लंबे समय से व्यवहार न्यायालय खोलने की मांग उठ रही है। अब इस मांग को लेकर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के सामने आवाज बुलंद की है। व्यापारी संघ पचपेड़ी के उपाध्यक्ष रमेश सूर्यकांत के नेतृत्व में बिलासपुर कलेक्टर को आवेदन सौंपा गया है। इसमें तहसील मुख्यालय पचपेड़ी में व्यवहार न्यायालय खोलने की मांग की गई। आवेदन में बताया गया कि पचपेड़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, जैसे जॉघरा, के लोगों को छोटे-बड़े न्यायिक कार्यों के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर बिलासपुर आना पड़ता है। इससे आम जनता को आर्थिक, शारीरिक और समय संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और कमजोर ग्रामीण परिवारों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। बार-बार जिला मुख्यालय आने-जाने में यात्रा खर्च, मजदूरी का नुकसान और पूरे दिन का समय लग जाता है। लोगों का कहना है कि पचपेड़ी में व्यवहार न्यायालय शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न्यायिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और समय व पैसे की बचत होगी। प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *