July 25, 2026

बेदखली नोटिस पर महिला ने दी आत्महत्या की चेतावनी …

0

सरकार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना से घर दे रही है, वहीं  सरपंच, सचिव गरीब का  घर तोड़ने का फरमान जारी कर रहे हैं। यह विरोधाभास है,

बिलासपुर  जिले के सीपत थाना अंतर्गत ग्राम गुडी निवासी प्रतिमा साहू पति लखनलाल, ने अनुविभागीय अधिकारी, मस्तूरी को एक आवेदन सौंपा है।
दिए गए इस आवेदन में प्रतिमा साहू ने ग्राम पंचायत द्वारा भेजे गए दुर्भावनापूर्ण बेदखली और तोड़फोड़ नोटिस के कारण मानसिक तनाव और आत्महत्या की धमकी के संबंध में शिकायत की है।
प्रतिमा साहू ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्हें ग्राम पंचायत द्वारा “बिना वैधानिक अधिकार के दुर्भावना से भरा हुआ बेदखली एवं तोड़फोड़ नोटिस” मिला है, जो विधिसम्मत नहीं है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने 45 वर्ष पहले काबिज अहिल्या यादव के पुत्र अरविंद यादव से नकद स्टाम्प में बिक्रीनामा कर जमीन, मकान खरीदी थी। प्रतिमा साहू और उनके पति लखनलाल साहू अपने परिवार के साथ विगत 17 वर्षों से इस भूमि पर काबिज चले आ रहे हैं।

आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव द्वारा यह नोटिस 26 मार्च 2026 को व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा गया है। प्रतिमा साहू ने इसे भयभीत करने वाला और मानसिक तनाव पहुंचाने वाला बताया है, साथ ही यह भू राजस्व संहिता के प्रावधानों के विपरीत होने का दावा किया है। यह भी कहा कि तहसीलदार को ही ऐसे मामलों में अधिकार है, सरपंच या सचिव को नहीं।
प्रतिमा साहू ने यह आशंका व्यक्त की है कि वह इस स्थिति से अत्यंत भयभीत हैं और आत्महत्या करने के कगार पर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति बनी रहती है, तो वे आत्महत्या कर लेंगी, जिसकी जिम्मेदारी सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू, सचिव डुमन सिंह मरपच्ची और संबंधित अधिकारियों की होगी। प्रतिमा साहू ने यह भी बताया कि ग्राम गुडी में लगभग 70-80% आबादी ऐसी भूमि पर काबिज है, जिसमें भुरथुल साहू, परमा साहू, अजीत साहू, भुलाराम साहू, लल्ला (रघुनाथ) साहू, बल्लू साहू, श्रीराम साहू और संतोष यादव सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। इसके बावजूद, केवल उनके मकान को तोड़ने का नोटिस जारी किया गया है, जिसे उन्होंने न्यायसंगत नहीं बताया। प्रतिमा साहू ने प्रशासन से इस दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही को रोकने और उन्हें न्यायसंगत कानूनी सुरक्षा प्रदान करने का निवेदन किया है। आवेदन की प्रतिलिपि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर, कलेक्टर बिलासपुर, तहसीलदार सीपत और थाना प्रभारी सीपत को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *