June 27, 2026

छात्रा ने लगाई फांसी, नीलिमा की मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध …

0

बिलासपुर सीपत थाना क्षेत्र के नहरपारा में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) की तैयारी कर रही 29 वर्षीय होनहार छात्रा नीलिमा सत्यार्थी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. नीलिमा के परिजनों के अनुसार वह अत्यंत मेधावी और शांत स्वभाव की थी, और उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार और इलाका सदमे में है.
परिवार लौटा, तो देखा बेटी फंदे पर झूल रही थी
नीलिमा, सेवानिवृत्त लेखापाल बी.आर. सत्यार्थी की छोटी बेटी थी. रविवार को परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बिलासपुर गए हुए थे. शाम को जब वे घर लौटे और भोजन के लिए नीलिमा को आवाज दी, तब उन्होंने देखा कि वह अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई है. यह हृदयविदारक दृश्य देख पूरे परिवार में चीख पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया.
घटना की सूचना तत्काल सीपत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. परिजन और आसपास के लोग इस घटना से बेहद स्तब्ध हैं, और नीलिमा की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *