
बिलासपुर – बेलतरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरारी,में राशन वितरण की स्थिति गंभीर है। आदर्श गांव होने का दावा करने वाले इस गांव में असल में अनियमितताएं चरम पर हैं। सरपंच प्रतिनिधि विनय शुक्ला का कहना है कि स्थिति खराब है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन विक्रेता धनंजय कुमार सूर्यवंशी की गतिविधियों में अनियमितता व्याप्त है, जिससे गरीब जनता को राशन सही मात्रा में नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
सरपंच श्रीमती मनीषा विनय शुक्ला का कहना है कि वे व्यवस्था बनाने में लगे हैं और विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई का विचार नहीं कर रहे, क्योंकि इससे गांव की बदनामी हो सकती है। वहीं, खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत के क्षेत्र में भी राशन वितरण में धांधली बढ़ रही है, जो अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से सरकार से आग्रह किया है कि वे इन अनियमितताओं का कठोरता से समाधान करें ताकि गरीबों को सही मात्रा में राशन मिल सके और उनकी परेशानियां कम हों। यह मामला सरकार की योजनाओं की असल स्थिति को उजागर करता है, जहां निचले स्तर के कर्मचारियों की लापरवाही से जनता का भरोसा डगमगा रहा है।