
डॉ. कृष्णपाल देव खटकर
पामगढ़ सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में इस वर्ष पामगढ़ क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्रा रिया जांगड़े में 93.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है । वह डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पामगढ़ की छात्रा है और उसके इस प्रदर्शन ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
रिया ने अपने परिणामों में सभी प्रमुख विषयों में उत्कृष्ट अंक अर्जित किए। विशेष रूप से सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी में उनके अंक काफी सराहनीय रहे जो उनके समर्पण और विषयों की गहरी समाज को दर्शाते हैं । उनके इस प्रदर्शन से यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने पूरे वर्ष नियमित अध्ययन और सही मार्गदर्शन के साथ तैयारी की।
रिया के परिवार ने हमेशा उनकी पढ़ाई में सहयोग किया उनके पिता आदेश कुमार जांगड़े और माता जया देवी जांगड़े ने उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि रिया ने कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही। विद्यालय प्रबंधन ने भी रिया की सफलता पर गर्व किया है प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए ही नहीं बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भी प्रयासरत रहता है। रिया की सफलता इसी दिशा में एक सकारात्मक परिणाम है।
रिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन ,माता-पिता के सहयोग और स्वयं की निरंतर मेहनत को दिया है। उसने बताया कि उसने नियमित समय निर्धारण के अनुसार पढ़ाई की और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दिया । भविष्य की योजनाओं के बारे में रिया ने बताया कि वह आगे विज्ञान संकाय में पढ़ाई करना चाहती है और अपने करियर में कुछ बढ़कर देश का नाम रोशन करना चाहती है। रिया जांगड़े की सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा भी है कि सही दिशा में मेहनत करने से हर सपना साकार हो सकता है।