
राजेंद्र सोनी
बिलासपुर सरकंडा पुलिस की ईमानदारी और तत्परता ने एक बार फिर मिसाल कायम की है। पुलिस ने लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कपड़ों से भरा एक भूला हुआ बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है।
झारखंड के पलामू जिले के हैदर नगर निवासी शेख आलमगीर बिलासपुर में अपने ससुराल आए थे। बस से उतरने के बाद, उन्होंने शिवघाट के पास अपना बैग भूलवश छोड़ दिया। बैग में कीमती आभूषण और कपड़े रखे थे।
रात्रि गश्त के दौरान सरकंडा पुलिस को इस लावारिस बैग की सूचना मिली। पुलिस ने बिना देर किए बैग को सुरक्षित थाने लाया। सरकंडा पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की और बैग मालिक की पहचान की।
पहचान होने पर शेख आलमगीर को थाने बुलाया गया।
उनकी मौजूदगी में बैग का ताला खुलवाया गया और सामान की जांच की गई। बैग में करीब 3 लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान सुरक्षित पाया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर शेख आलमगीर ने बिलासपुर पुलिस के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। सरकंडा पुलिस की इस ईमानदारी और जनसेवा भावना की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।