
राजेंद्र सोनी
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दो महिलाओं को सूटकेस में 10 किलो से अधिक गौमांस ले जाते हुए तोरवा थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई तलाशी में यह खुलासा हुआ। महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं और अपने साथ अवैध रूप से गौमांस ला रही थीं। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति भी निर्मित हो गई।
तोरवा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दो महिलाएं गौमांस लेकर पहुंची हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं के सूटकेस की तलाशी ली गई, जिसमें 10 किलो से अधिक गौमांस बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक भी तोरवा थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। तोरवा थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गौमांस कहां से लाया गया था और इसका मुख्य उद्देश्य क्या था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है।