July 26, 2026

अभाव के बावजूद बुढ़ीखार स्कूल का शानदार प्रदर्शन,बोर्ड में नए कीर्तिमान…

0

संसाधनों की कमी के बावजूद शासकीय सरदार तारासिंह बुद्धसिंह स्कूल ने बोर्ड परीक्षा में अभूतपूर्व सफलता हासिल की।

जेपी नेताम

मस्तूरी – मल्हार अंचल के शासकीय सरदार तारासिंह बुद्धसिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुढ़ीखार ने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। संसाधनों के अभाव के बावजूद विद्यालय के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं में 96.02 प्रतिशत और कक्षा 10वीं में 91.22 प्रतिशत का बेहतरीन परीक्षा परिणाम हासिल किया है।

विद्यालय में अध्यापन कक्ष, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष और पुस्तकालय कक्ष जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है।

इसके बावजूद विद्यार्थियों ने यह सिद्ध किया कि लगन हो तो अभाव में भी सफलता संभव है। माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के अनुसार, 12वीं कक्षा में एक छात्र को पूरक आया, बाकी सभी उत्तीर्ण हुए। इसमें 21 छात्रों ने प्रथम श्रेणी और चार ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। 12वीं में मेघा भारती ने 90%, चांदनी कैवर्त ने 85% और आशा केंवट ने 85% अंक प्राप्त किए।

कक्षा 10वीं में कुल 91.22 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए,
जिसमें 29 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 22 ने द्वितीय श्रेणी और एक ने तृतीय श्रेणी में स्थान बनाया। 10वीं में अर्चना ने 78.16% और शिवा ने 78.5% अंक हासिल किए।

संस्था प्रमुख काशीराम रजक ने इस परिणाम का श्रेय बच्चों के अथक परिश्रम, शिक्षकों के लगाव और शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) व सरपंच डॉक्टर दीपक लहरे के विशेष जोर को दिया।

रजक ने सफल छात्रों, शिक्षकों और एसएमडीसी सदस्यों को बधाई दी।

सरपंच डॉक्टर दीपक लहरे ने इसे अपने कार्यकाल का स्वर्णिम अवसर बताया और कहा कि यह परिणाम गौरवान्वित करने वाला है। बेहतर परिणाम के लिए एसएमडीसी सदस्यों ने विद्यालय परिवार को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रामकुमार साहू, दीपक गुप्ता, भरत थवाईत, सुनील थवाईत और उप सरपंच संतोषी भैना सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *