जनगणना ड्यूटी में शिक्षक से मारपीट, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज…

राजेंद्र सोनी
बिलासपुर न्यायधानी में जनगणना ड्यूटी के दौरान एक शिक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा में जनगणना कार्य के संयोजक नेतराम पैकरा से गांव के निर्मल सतनामी ने एक नहीं, तीन बार मारपीट की। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए तहसीलदार द्वारा जारी आईडी कार्ड और शर्ट भी फाड़ दिए। नेतराम पैकरा ने बिल्हा थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने निर्मल सतनामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221, 121 (1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नेतराम पैकरा सुबह करीब 10 बजे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल से जनगणना ड्यूटी के लिए घोघरा गए थे। वहां निर्मल सतनामी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद से नेतराम पैकरा भयभीत हैं और आरोपी निर्मल सतनामी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
