
कुकुरदीकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर लापरवाही, इलाज कक्षों में निर्माण सामग्री, बीएमओ पर सवाल उठा ।
राजेंद्र सोनी
बिलासपुर मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुकुरदीकला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपूर्व अव्यवस्था सामने आई है। जहां ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलनी चाहिए, वहीं अस्पताल के महत्त्वपूर्ण कक्षों का उपयोग निर्माण सामग्री रखने के लिए किया जा रहा है। ड्रेसिंग कक्ष और नेत्र चिकित्सक कक्ष अब इलाज के बजाय सीमेंट, छड़ व अन्य निर्माण सामग्री का गोदाम बन चुके हैं। इस स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का प्रश्न है कि क्या अब अस्पतालों में इंसानों की जगह सीमेंट और छड़ का इलाज किया जाएगा। आरोप हैं कि जिम्मेदार डॉक्टरों और अधिकारियों की जानकारी में ही अस्पताल परिसर को इस तरह डंपिंग यार्ड बनाया गया है। मस्तुरी ब्लॉक के बीएमओ डॉ. अनिल कुमार पर लापरवाही के सीधे आरोप लग रहे हैं। सवाल उठाया जा रहा है कि क्या वे कभी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करते भी हैं। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी कोई कड़ा नियंत्रण नहीं है, जिससे आम जनता को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। क्षेत्र के लोग जिला स्वास्थ्य प्रशासन और उच्च अधिकारियों से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने की मांग कर रहे हैं।